कराते चैम्पियनशिप मलेशिया– कराते अकादमी की खिलाड़ी सुप्रिया जाटव ने देश को दिलाया स्वर्ण पदक

कराते चैम्पियनशिप मलेशिया
खेलमंत्री ने बधाई दी
मलेशिया के क्वालालम्पुर में 10-11 मार्च, 2018 को आयोजित 9वीं साइलेन्ट नाइट एशिया कप कराते चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य कराते अकादमी की खिलाड़ी सुप्रिया जाटव ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। सुप्रिया जाटव ने 50-55 किलोग्राम भारवर्ग की व्यक्तिगत कुमीते स्पर्धा की एशियन चैम्पियनशिप की पदक प्राप्त मलेशिया की खिलाड़ी जयन्थी कुमारन को कड़ी टक्कर देकर 7-6 अंको से यह मुकाबला जीता और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने सुप्रिया जाटव को बधाई देते हुए उनके खेल प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमें अपनी खिलाड़ी बेटी पर गर्व है जिनकी उपलब्धि ने देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया।
उल्लेखनीय है कि अकादमी की खिलाड़ी सुप्रिया जाटव विगत सात वर्षों से -55 किलोग्राम भारवर्ग में चैम्पियन है। साथ ही वह वर्तमान में साउथ एशियन कराते चैम्पियनशिप एवं काॅमनवेल्थ चैम्पियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी हैं।